सब बढ़िया है All Is Well

अपना दुख दर्द छुपाने को 
बस बचा एक ही जरिया है 
जब पूछे कोई कैसे हो 
हम कह देते हैं बढ़िया है 
चेहरे पर मुस्कान लिए 
वाणी में रहते रस घोले
स्वप्न सरीखा यह जीवन 
जो सरक रहा होले होले 
अश्रु किन्हें हम दिखलाएं 
किससे हम मन की बात कहें 
बेहतर लगती पीड़ा अपनी
अपने भीतर चुपचाप सहें
कुछ पीड़ा सुन मुस्काएंगे
कुछ नमक छिड़क कर जाएंगे 
कुछ पाप पुण्य का लगा गणित 
पापों का फल बतलाएंगे 
किसकी जिह्वा हम पकड़ेंगे 
किस किसके होठ सिलाएंगे 
ऐसा बोला तो क्यों बोला 
किस-किस से लड़ने जाएंगे 
चुपचाप सुनेंगे तानों को 
दिल अपना भी एक दरिया है 
फिर पूछेगा हाल कोई 
तो कह देंगे सब बढ़िया है।
🍒🍒🍒🍒🍒🍒🍒🍒🍒🍒

इसे YouTube पर देखने सुनने के इस लिंक 👇 पर क्लिक करें 
https://youtu.be/SrANRctNoho

Comments

Popular posts from this blog

नाम सुमर मन बावरे

तीन सवाल

असली सवाल ओशो